उरई। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गंगाराम पाल के नेतृत्व में सोमवार को सैंकड़ों पूर्व सैनिकों ने नारेबाजी की। डीएम व एसपी को संबोधित ज्ञापन एडीएम संजय कुमार को सौंपकर पूर्व सैनिक के पुत्र के मौत की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि नया पटेलनगर शिवा पैलेस के पास रहने वाले पूर्व सैनिक रामनारायण सिंह के पुत्र राजसिंह की कुछ युवकों से दोस्ती थी। उसकी फोन पर उनसे बातचीत होती थी। 11 अक्तूबर की सुबह करीब सात बजे अपने मकान के राजसिंह ने गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। राजसिंह को मृत देखकर उसका दोस्त उनके घर पहुंचा छोटे पुत्र से राजसिंह का मोबाइल मांगकर हेराफेरी की। यह देख राजसिंह की मां ने उससे मोबाइल ले लिया। बताया कि राजसिंह शेयर का काम करता था। राजसिंह के दोस्तों ने उसे जुआ खिलवाया। पैसे उधार दिए और तीन से चार गुना रकम वापस मांगी। नहीं देने पर धमकाया। इसी को लेकर उसने आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। ज्ञापन देने के दौरान जयदेव सिंह यादव, दशरथ पाल, शिवशंकर, अनिल कुमार त्रिपाठी, राम शर्मा, कमल सिंह, विनोद कुमार, रूपाराम, एके दीक्षित, आत्माराम फौजी, जगत सिंह, सुरेश चंद्र आदि रहे। (संवाद)