जालौन। नगर के सर्वांगीण विकास के लिए नगर पालिकाध्यक्ष नेहा पुनीत मित्तल और प्रतिनिधि पुनीत मित्तल ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में भेंट की। भेंट के दौरान नगर की प्रमुख समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया गया। इस दौरान नगर के विकास के लिए 21 करोड़ रुपये की विशेष धनराशि स्वीकृत की गई। जिसमें से 10 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है।
पालिकाध्यक्ष ने जालौन को एक मॉडल सिटी के रूप में विकसित करने का खाका मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। बताया कि मुख्यमंत्री से मांग की कि नगर को स्मार्ट सिटी के रूप में बनाया जाए। जालौन विकास प्राधिकरण (जेडीए) को स्वीकृति दी जाए। ताकि जालौन नगर को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित किया जा सके। यदि जालौन जेडीए घोषित होता है तो नगर को स्वच्छ, स्मार्ट और सुव्यवस्थित बनाने के लिए आधुनिक शहरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इसमें सड़क चौड़ीकरण, बेहतर स्ट्रीट लाइटिंग, सोलर लाइटें, सुंदर ग्रीन बेल्ट और चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण शामिल है। इसके अलावा फौजी पड़ाव की भूमि पर सैनिक स्कूल की स्थापना की भी मांग की ताकि क्षेत्र के छात्रों को रक्षा सेवाओं के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके। साथ ही नगर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग की गई जिससे कर्मचारियों और आम नागरिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुलभ हो सके। युवाओं के खेल कौशल को बढ़ावा देने के लिए मिनी स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल किया गया, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को सही मंच मिल सके। साथ ही नगर पालिका की कार्यक्षमता और प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाने के लिए एक अत्याधुनिक भवन का निर्माण प्रस्तावित किया गया है।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत नगर में सीवरेज व्यवस्था सुधारने और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 21 करोड रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। जिसमें 10 करोड़ रुपये की धनराशि भी जारी हो चुकी है। इससे नगर में स्वच्छता पर बल दिया जाएगा। नाला टेपिंग योजना के अंतर्गत नगर के खुले नालों को ढकने का कार्य शुरू होगा। जलभराव की समस्या का भी समाधान किया जाएगा। साफ पानी, वर्षा जल निकासी और गंदे पानी की समुचित व्यवस्था के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी लगाया जाएगा। जिससे गंदे पानी को नाले और तालाबों के माध्यम से एकत्रित कर उसे स्वच्छ किया जाएगा।
वर्जन
नगर के विकास के लिए जो सौगात मिली है वह नगर के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन और सुविधाएं मिलें। नगर की जनता को वर्षों से जिन मूलभूत सुविधाओं की प्रतीक्षा थी, अब उन्हें साकार करने का समय आ गया है।
नेहा पुनीत मित्तल, पालिकाध्यक्ष जालौन