कालपी। प्रेमी की तलाश में दिल्ली से कालपी आई युवती ने जमकर हंगामा काटा। घर पर प्रेमी के न मिलने से नाराज युवती ने पुलिस को फोन लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। शाम को कोतवाल ने दोनों को बुलाकर समझाया। जिसके बाद युवती प्रेमी को वापस दिल्ली लेकर चली गई।
कोतवाली क्षेत्र के मैनूपुर गांव निवासी श्रीराम 8 वर्ष पहले दिल्ली गया था। जहां उसने फुटपाथ पर जूते-चप्पल पर दुकान लगाता था। वहीं उसी के सामने जूता-चप्पल की दुकान लगाने वाली शहजादी नाम की युवती से उसकी मित्रता हो गई, लेकिन कुछ माह पहले युवक युवती को छोड़कर गांव आ गया। जिस पर युवती अपने प्रेमी को गांव से लेकर वापस चली गई थी। कुछ दिन रहने के बाद युवक एक बार फिर युवती को चकमा देकर भाग आया।
गुरुवार को युवती अपने प्रेमी के गांव पहुंच गई और उसे वापस ले जाने की जिद करने लगी। जब प्रेमी के परिजनों ने इसका विरोध किया तो युवती ने डायल 112 को फोन लगा दिया। पुलिस दोनों को कोतवाली ले गई। जहां समझौते के बाद युवती युवक को लेकर दिल्ली चली गई।