नदीगांव इलाके में गाड़ियों से झंडे उतरवाते एसडीएम, सीओ।
- फोटो : अमर उजाला
आचार संहिता के अनुपालन में सोमवार को प्रशासन ने अभियान चलाकर ग्रामीण क्षेत्रों से होर्डिंग हटवाए। इसके साथ ही राजनीतिक दलों की ओर से दीवारों पर लिखवाए गए स्लोगन भी पुतवाए गए। अधिकारियों की टीमेें प्रचार हटाने के लिए अलग अलग क्षेत्रों में अभियान चलाने के साथ अब तक किए गए कार्य का भौतिक सत्यापन भी कर रही हैं।
सोमवार को आदर्श आचार संहिता के अनुपालन का भौतिक सत्यापन करने व प्रचार सामग्री हटवाने के उद्देश्य से कैलिया रोड स्थित ग्रामों का निरीक्षण राजस्व निरीक्षक पहाड़गांव एवं राजस्व निरीक्षक जगनपुरा के साथ तहसीलदार भूपाल सिंह ने किया। ग्राम घमूरी व ऊमरी में बैनर, पोस्टर, होर्डिंग हटाने एवं दीवार लेखन को मिटाने का कार्य ठीक नहीं मिला। यही
स्थिति ग्राम सलैया बुजुर्ग की भी थी। संबंधित लेखपालों को बुलाकर इस विषय में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तरीय कर्मियों व ग्राम प्रधानों की ओर से सहयोग नहीं किया जा रहा है। अधिकारियों ने इन गांवों में झंडे बैनर खुद हटवाए व दीवारों पर लिखे स्लोगनों को भी पुतवाया। कैलिया, बरहल आदि ग्रामों में कार्य संतोषजनक पाया गया जबकि पीपरी
कलां व देवगांव में वॉल पेंटिंग की सफाई पुताई का कार्य शेष रह गया था। मंगलवार तक यह कार्य प्रत्येक दशा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इधर, उपजिलाधिकारी मोईन उल इस्लाम व पुलिस उपाधीक्षक नवीनकुमार नायक की टीम नदीगांव क्षेत्र में घूमी और जहां भी पोस्टर बैनर या होर्डिंग्स उन्हें टंगे दिखाई दिए, तत्काल उन्हें उतरवा दिया। एसडीएम व सीओ ने मध्यप्रदेश से लगते बार्डर तक भ्रमण किया। अधिकारियों ने आने जाने वाले वाहनों को भी चेक किया और उन पर लगे राजनीतिक दलों के झंडे उतरवा दिए।