सिरसा कलार। एचटी लाइन के पोल से बंधे सपोर्टर तार में उतरे करंट की चपेट में आकर राजमिस्त्री की मौत हो गई। राजमिस्त्री के साथ काम कर रहे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के धामनी गांव निवासी दुर्गा प्रसाद (50) दमरास गांव में विकास गुप्ता के निर्माणाधीन मकान में दो माह से लगातार राजमिस्त्री का काम कर रहे थे। गुरुवार की सुबह काम करते वक्त दुर्गा निर्माणाधीन मकान के सामने लगे हाइटेंशन लाइन के पोल के सपोर्टर में आ रहे करंट की चपेट में आ गया। हादसे में वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही मौत हो गई। जिसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक के दो बेटे कल्लू और किशोर व दो पुत्री है। मकान निर्माण के साथ साथ ही वह खेती भी करता था। उसकी मौत से परिवार के सामने भरण पोषण की समस्या हो गई है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से मां रामकली, पत्नी बड़ीबाई, बेटी श्रीदेवी व बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि राजमिस्त्री के बेटे ने तहरीर दी है। मामले जांच की जा रही है।