रामपुरा। क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व सगे भाई के साथ दिल्ली से लौटे 30 वर्षीय प्रवासी मजदूर की रविवार दोपहर मौत हो गई। मृतक बुखार और गले में दर्द से पीड़ित बताया जा रहा है। मौत के बाद से ही क्षेत्र में हड़कंप मचा है। सीएचसी अधीक्षक डा.अमित कुमार ने बताया कि देर शाम प्रशासन सूचना दी गई। इसके बाद मृतक के सैंपल लेने के साथ ही उसके परिवार के छह लोगों को जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।
बता दें कि प्रवासी मजदूरों की वापसी के दौरान ही कस्बे के एक मोहल्ले के निवासी दो सगे भाई भी दिल्ली से लौटे थे। दोनों ही भाई दिल्ली में नौकरी करते थे। सप्ताह भर पूर्व जब दोनों भाई लौटे तो उनकी साधारण थर्मल स्क्रीनिंग कराकर होम क्वारंटीन के निर्देश दिए गए थे। परिजनों की मानें तो दो दिन पूर्व ही 30 वर्षीय भाई की तबियत अचानक खराब हुई। उसे बुखार और गले में दर्द की शिकायत थी। इलाकाई लोगों के दबाव में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उसे दवाएं देकर वापस कर दिया गया।
इसके बाद रविवार दोपहर युवक की मौत भी हो गई। सूचना फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। परिजन अभी शव का इंतजाम संस्कार करने की तैयारी कर ही रहे थे तभी इसकी जानकारी प्रशासन को भी हो गई। सीएचसी अधीक्षक का कहना है कि मृतक के सैंपल लेने के साथ ही परिवार के छह लोगों को जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा जाएगा। बताते हैं कि दूसरे भाई की भी तबियत ठीक नहीं है। मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम माधौगढ़ सालिकराम, नगर पंचायत के ईओ राजीव कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने पूरे इलाके को सैनिटाइज कराने के निर्देश दिए।