आटा (जालौन)। क्षेत्र के सुनहेटा गांव में जुए केे विवाद में किशोर की धारदार हथियार से हत्या कर उसका शव जंगल में फेंक दिया गया। गुरुवार की देर शाम जंगल में किशोर का शव मिलते ही हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक डॉ अवधेश सिंह ने फोरेंसिक टीम भी बुलाई। किशोर की गर्दन पर किसी धारदार हथियार से वार किया गया। परिजनों ने बताया कि किशोर बुधवार की शाम बकरी चराने निकला था, तभी से उसका कुछ पता नहीं चल रहा था। एएसपी ने बताया कि देर रात तीन नाबालिगों को पकड़ा गया, जिन्होंने जुए के विवाद मेें हत्या की बात स्वीकार की।
गांव निवासी ब्रजनंदन का 17 वर्षीय बेटा सीताशरण बुधवार की शाम को घर से बकरी चराने निकला था, इसके बाद से ही उसका कुछ पता नहीं चल रहा था। घरवालों ने रात भर खोजबीन की और फिर खाली हाथ लौट आए। गुरुवार की शाम गांव से करीब एक किमी. दूर स्थित जंगल में गए चरवाहों ने जब सीताशरण का शव पड़ा देखा तो परिजनों को सूचना दी। सीता शरण के बड़े भाई ज्ञानसिंह ने बताया कि गांव में उनकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है। दो दिन पहले ही घर पर दादी की मौत हुई है। एएसपी का कहना है कि परिजनों की तहरीर का भी इंतजार है। उसी के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।