उरई। कालपी रोड स्थित चौरसी मोड़ के पास निरंकारी भवन के पास संदिग्ध हालात में अधेड़ का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं लोगों ने बताया कि शव के पास बाइक भी पड़ी हुई थी। उसे पुलिस ने कब्जे में लेकर कोतवाली भेजा है।
शहर के मोहल्ला नया पटेल नगर निवासी सत्यनारायण नायक (45) पुत्र राम कृष्ण नायक प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। मंगलवार दोपहर को वह बाइक से अपने गांव चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम ककहारा के लिए निकला था। बाद में उसका शव कालपी रोड स्थित चौरसी मोड़ पास स्थित एक गिट्टी के ढेर पर पड़ा मिला।
सत्यनारायण के भाई श्रीनारायण ने बताया कि मंगलवार की दोपहर दो बजे वह उरई से गांव ककहरा जाने की बात कहकर घर से निकला था पर देर शाम तक वह गांव नहीं पहुंचा। दोपहर से मोबाइल भी स्विच ऑफ जा रहा था। शहर कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है लेकिन तहरीर नहीं दी है। सत्यनारायण की पत्नी, एक लड़की राधा व एक लड़का किशनजी का रो रोकर बुरा हाल था।