कुठौंद। संदिग्ध हालात में स्कूल प्रबंधक के बेटे का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों को जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया। शोरगुल सुन पास-पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने शव की जांच पड़ताल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुठौंद कस्बा निवासी विश्वजीत सिंह (32) पुत्र जितेंद्र सिंह का शव शुक्रवार की सुबह उसके कमरे में पंखे से चादर के सहारे लटका मिला। शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। आनन फानन में शव को उतारकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। विश्वजीत के पिता जीतेंद्र सिंह सूबेदार बलराम सिंह जूनियर हाईस्कूल के संचालक हैं। पिता ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते विश्वजीत को करीब एक साल पहले उसके परिवार के साथ मकान में ही अलग कर दिया था। ससुराल वालों की वजह से फिर भी क्लेश बना हुआ था। इससे बेटा विश्वजीत मानसिक तनाव में था। विश्वजीत के अपने परिवार में पत्नी रौनक, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पिता के मुताबिक घटना के समय विश्वजीत के सास और ससुर भी यही उसी के घर पर बीते दो तीन दिन से रुके हुए थे। इंस्पेक्टर का कहना है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव को उतारा जा चुका था। कोई तहरीर नहीं मिली है। विश्वजीत का बड़ा भाई अमरजीत सेना में कैप्टन हैं जो वर्तमान में असम में तैनात है। युवक की मौत से मां पुष्पा का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चाचा बृजेंद्र सिंह पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व ग्राम प्रधान भी रह चुके हैं।