जालौन। बाइक की चाबी न देने पर दबंग ने किसान के साथ मारपीट कर दी। घर पर उलाहना देने के लिए गए किसान को दबंग ने दोबारा लाठी-डंडों से मारा। किसान ने दबंग पर गले में पड़ी सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया। पीड़ित ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम अटरा कलां निवासी किसान रामपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पवन की दुकान पर मटर का बीज लेने के लिए बाइक से गया था। बाइक खड़ी कर वह बीज खरीदने लगा। तभी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अम्मरगढ़ निवासी रोहित शराब के नशे में वहां आए और उससे बाइक की चाबी मांगने लगे। जब उसने बाइक की चाबी देने से मना किया तो उसने गालीगलौज कर मारपीट कर दी।
इसके बाद वह इसका उलाहना देने के लिए अम्मरगढ़ में रोहित के घर पहुंचा तो नाराज रोहित वहां भी उसके साथ गाली, गलौज करने लगा। मना करने पर उसने लाठी, डंडों से पीटा। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान रोहित ने उसके गले में पड़ी सोने की चेन छीन ली। इस बारे में कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि मामला मारपीट का है। चैन छीनी है या गिर गई है इसकी जांच की जा रही है। जो उचित होगा उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।