फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalaun News: खाना बनाते समय सिलिंडर में धमाका, गृहस्थी जलकर राख

विज्ञापन
फोटो - 01 आग से जला सामान। संवाद
विज्ञापन
कदौरा। थाना क्षेत्र के बबीना गांव में सोमवार शाम खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में हुए धमाके से एक परिवार की गृहस्थी जलकर राख हो गई। हादसे में पति-पत्नी मामूली रूप से झुलस गए, जबकि घर में रखा अनाज, नकदी और जरूरी दस्तावेज आग की भेंट चढ़ गए।
विज्ञापन


बबीना निवासी उपेंद्र सिंह के पुत्र अभिमन्यु सिंह सोमवार सुबह करीब 11 बजे कदौरा स्थित गैस एजेंसी से नया सिलिंडर लेकर घर आए थे। शाम को उपेंद्र सिंह की पत्नी राम दुलारी खाना बनाने के लिए सिलिंडर में रेगुलेटर लगाकर चूल्हा जलाने लगीं। जैसे ही चूल्हा जलाया गया, सिलिंडर में जोरदार धमाका हो गया। धमाके के साथ सिलिंडर दो हिस्सों में बंट गया और आग ने पूरे घर को चपेट में ले लिया।

लपटों से घिरी राम दुलारी किसी तरह बाहर निकलीं, लेकिन वह मामूली रूप से झुलस गईं। पत्नी को बचाने के प्रयास में उपेंद्र सिंह भी झुलस गए। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना देने के साथ ही पानी, मिट्टी और मौरंग डालकर काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
विज्ञापन


दंपती ने बताया कि आग लगने से घर की छत और टिन उड़ गए और करीब 90 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। घर में रखे 10 हजार रुपये, तीन क्विंटल गेहूं, 55 किलो चावल, दाल, आटा, दो मिक्सर मशीनें, दो पंखे, चारपाई, कपड़े, मोबाइल, आधार कार्ड, बैंक पासबुक समेत अन्य जरूरी दस्तावेज और गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया।

पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने के बाद घटना की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी परमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में खाना बनाते समय सिलिंडर फटने से आग लगने की बात सामने आई है। दोनों घायल खतरे से बाहर हैं।

उपजिलाधिकारी कालपी अमित शेखर ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। राजस्व टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाएगा। नियमानुसार पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

फोटो - 01 आग से जला सामान। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें