फोटो - 03 विद्यालय का चोरों द्वारा फैलाया गया सामान। संवाद
रामपुरा। ग्राम सिलउआ बुजुर्ग स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय की बाउंड्री के गेट का ताला तोड़कर बृहस्पतिवार की रात चोर विद्यालय परिसर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने अंदर कमरों के दरवाजों की कुंडियां तोड़कर वहां रखा सिलिंडर, भट्ठी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।
विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक अनिल कुमार राजपूत ने बताया कि शुक्रवार को जब वह सुबह विद्यालय पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा था। कई कमरों के दरवाजों की कुंडियां भी टूटी थीं और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर विद्यालय से दो घरेलू गैस सिलिंडर, एक भट्टी, राशन भरने के दो ड्रम, एक टेबल फैन, बच्चों के खेलकूद का सामान तथा विद्यालय का कुछ पुराना रिकॉर्ड चोरी कर ले गए हैं। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय की ओर से चोरी की घटना के संबंध में प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।