कालपी। टरननगंज चौकी क्षेत्र में रविवार रात बाजार की मुख्य सड़क पर स्थित रेडीमेड गारमेंट की दुकान की छत (लिंटर) काटकर चोर नगदी सहित लगभग दो लाख का माल चुरा ले गए। सुबह दुकान खुलने के बाद दुकानदार को चोरी होने का पता चला। चोरी की जानकारी पर दुकानदारों ने रोष जताकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। इंस्पेक्टर क्राइम मनोज मिश्रा व चौकी इंचार्ज रामजी दुबे ने जांच पड़ताल शुरू की।
मुख्य बाजार में खोया मंडी के पास राजघाट निवासी अखिलेश अवस्थी की श्री बाला जी गारमेंट्स के नाम से रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। अखिलेश ने बताया कि रविवार को वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब दुकान खोली तब दुकान के अंदर माल बिखरा पड़ा था। ऊपर से दुकान की पटिया हटी थी व पटिया के ऊपर का लिंटर किसी मशीन से कटा मिला। चोर दुकान से छह हजार रुपये नगद सहित लगभग दो लाख के रेडीमेड कपड़े चुरा ले गए हैं। बाजार में चोरी की खबर फैलते ही व्यापारी आक्रोशित हो गए व चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखा आक्रोश जताया। सूचना पर कोतवाली के इंस्पेक्टर क्राइम मनोज मिश्रा व चौकी इंचार्ज रामजी दुबे पहुंचे व जांच पड़ताल की।
बाजार में रात में हुई चोरी की वारदात ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है। व्यापारियों का कहना है कि मुख्य बाजार में पुलिस रात भर गश्त करने की बात करती है, ऐसे में चोरी समझ के परे है। व्यापार मंडल अध्यक्ष मुन्ना चौधरी व महामंत्री सुनील पटवा ने बताया कि पुलिस लगभग 16 घंटे सिर्फ वाहन चेकिंग कर रही है। गलियों में भी चेकिंग के नाम पर लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है, लेकिन मुख्य बाजार की सुरक्षा पर कोई ध्यान नहीं है। करीब एक महीने पूर्व हुई व्यापारी के साथ टप्पेबाजी का भी अभी तक पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। कोतवाली के मुख्य इंस्पेक्टर माणिक चंद्र ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा
चोरी की जानकारी लेती पुलिस- फोटो : ORAI