उरई। यूपी स्थापना दिवस के दूसरे दिन सोमवार को राजकीय इंटर कालेज मैदान में विकास मेले व प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मेले में जिले के सभी विभागों ने स्टाल लगाकर अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने मेले में स्टालों का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. मन्नान अख्तर ने कहा कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के दूसरे दिन थीम अनुसार विकास मेले का आयोजन किया गया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस मेले को एक मौके के तौर पर देखे, जिसमें वह अपने अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचा सकते है। मेले के दौरान विधायक सदर गौरीशंकर वर्मा, विधायक माधौगढ़ मूलचंद्र निरंजन एवं जिलाधिकारी डॉ.मन्नान अख्तर सभी विभागों के स्टालों पर निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने स्टालों में बैठे अधिकारियों से सवाल जवाब किए। कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से पंजीकृत आल्हा पार्टी द्वारा आल्हा गीत का मंचन किया। वहीं शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, उद्योग विभाग, एनआरएलएम विभाग, समाज कल्याण विभाग आदि ने स्टाल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभय कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए शशिकांत द्विवेदी, उप कृषि निदेशक आरके तिवारी, परियोजना अधिकारी डूडा अखिलेश चंद्र तिवारी, उपायुक्त मनरेगा अवधेश दीक्षित, उपायुक्त एनआरएलएम अशोक कुमार गुप्ता मौजूद रहे।