जिला अस्पताल में घायल युवक मिस्टर।
- फोटो : अमर उजाला
छेड़छाड़ के विवाद में कुठौंद में चल रही पंचायत में युवक को हंसिया मारकर लहूलुहान कर दिया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। यहां से झांसी रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोपी युवक समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार चौधरी का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि इटावा के ग्राम गढ़ा हरोली निवासी दीपू और मिस्टर (32) के परिवार के लोग सप्ताह भर पूर्व कुठौंद थाना क्षेत्र के बस्तेपुर निवासी गनेश के घर शादी समारोह में आए थे। यहां दीपू और उसके साथी राहुल ने मिस्टर की रिश्तेदार युवती के साथ छेड़छाड़ की थी। इसको लेकर दोनों पक्षों में काफी विवाद हुआ था। बताया जाता है कि मिस्टर के परिवार के लोगों ने इटावा लौटकर वहां के भरेह थाने में दीपू के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसी मामले में शनिवार को बस्तेपुर में गनेश के घर पंचायत चल रही थी। इसी दौरान दीपू ने साथियों के साथ पंचायत के सामने मिस्टर पर हमला बोल दिया। मिस्टर के सिर पर हंसिया मारकर उसे लहूलुहान कर दिया। इससे पंचायत में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में मिस्टर को पहले नजदीक के अस्पताल, फिर जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर शाम को झांसी ले जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
तब तक मिस्टर के परिजन भी बस्तेपुर पहुंच चुके थे। मिस्टर के चाचा सुरेश ने दीपू, गनेश और उसकी पत्नी लाली के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि मारपीट में मौत हुई है, इसलिए गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।