घटनास्थल पर पूछताछ करते एसपी स्वामी प्रसाद।
- फोटो : amar ujala
शनिवार सुबह करीब 5 बजे बड़ागांव निवासी उदयभान उर्फ पप्पू यादव (40) खाली ट्रक लेकर भेड़ी खदान पर क्लीनर रामफूल के साथ मौरंग भरने जा रहा था। अभी ट्रक बड़ागांव 11 नंबर नलकूप के पास पहुंचा ही था कि तभी सड़क के बीच में पेड़ पड़ा देखकर उदय का माथा ठनक गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता एक बदमाश तमंचा लेकर ट्रक की खिड़की पर चढ़ गया और उदय की जेब से रुपये निकालने लगा। उसने विरोध किया तो बदमाश ने तमंचे से फायर कर दिया और गोली उदय के गर्दन से होते हुए जबड़े से निकल गई।
बगल की सीट पर बैठे क्लीनर रामफूल के होश उड़ गए। इसके बाद गोली मारने वाला बदमाश अपने साथी के साथ जेब से रुपये निकालकर भाग निकला। क्लीनर की सूचना पर थाना पुलिस, इसके बाद सीओ और एसपी भी मौके पर पहुंचे। तब तक आसपास के लोग उदय को अस्पताल भेज चुके थे। हालत नाजुक देख उदय को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक बदमाशों ने उदय की जेब में पड़े करीब 35 से 40 हजार रुपये लूटे हैं। एसपी का कहना है कि तहरीर मिली है, जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।