उरई। कानपुर-झांसी नेशनल हाईवे पर बड़गांव के पास एक ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे में ट्रक के क्लीनर की मौत हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक में फंसे चालक व क्लीनर को बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सक ने क्लीनर को मृत घोषित कर दिया। चालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एक ट्रक शनिवार की रात चूड़ी लादकर झांसी की तरफ जा रहा था। वह कानपुर झांसी नेशनल हाईवे पर उरई कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव के पास पहुंचा तो अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और वह सड़क किनारे खड़े एक दूसरे ट्रक में पीछे से जा भिड़ा। हादसा होते ही राहगीर दौड़ कर आए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल पर पहुंचे पुलिस ने ट्रक में फंसे चालक व क्लीनर को बाहर निकाला।
हादसे में ट्रक का चालक पुष्पेंद्र (35) पुत्र महिपाल सिंह व क्लीनर धीरज (30) पुत्र कोमल सिंह निवासीगण ग्राम भीकमपुर थाना शिकोहाबाद जिला फिरोजाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने तुरंत हाईवे एंबुलेंस बुलाकर दोनों को जिला अस्पताल के लिए रवाना किया। मगर रास्ते में क्लीनर धीरज की मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने धीरज को मृत घोषित कर चालक पुष्पेंद्र को भर्ती कर लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी।