कदौरा (जालौन)। घर में घुसे चोरों ने अकेले रह रही वृद्धा की हत्या कर दी। पुलिस का मानना है कि शायद पहचान लेने पर चोरों ने वृद्धा को मार डाला। वृद्धा के पैर से चांदी के पायल गायब थे। चोरी गए अन्य सामान के बारे में छानबीन की जा रही है। यह वारदात बुधवार रात कदौरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला धोबीपुरा में हुई। धोबीपुरा निवासी श्याम कुंअर (70) पत्नी स्वर्गीय मैयादीन के पुत्र की चार साल पहले मौत हो गई थी। तभी से बहू सुशीला, पौत्र रोहित व मोहित को लेकर मौदहा हमीरपुर स्थित मायके में रह रही है। वृद्धा घर में अकेली रहती थी।
उसने अपने दोनों पौत्राें के नाम दो-दो बीघे जमीन भी कर दी थी। बुधवार रात छत के रास्त घर में घुसे चोरों ने किसी वजनी चीज के सिर घर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी और चांदी के पायल आदि अन्य सामान समेटकर भाग निकले। सुबह देर तक वृद्धा घर से बाहर नहीं निकली तो पड़ोसी भीतर पहुंचे। अंदर वृद्धा का खून से सना शव देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर आई पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पाकर आए वृद्धा के पौत्र मोहित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। थानाध्यक्ष रुद्र कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से तस्वीर और साफ हो जाएगी। बदमाशों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।