बता दें कि रामपुरा थाना क्षेत्र के टीहर गांव निवासी शिव कुमार का पुत्र अंकित (16) हाईस्कूल का छात्र था। 22 मई को अंकित का उसके दोस्त ओमजी पचौरी, अखिल पचौरी व सौरभ भदौरिया ने मिलकर अपहरण कर लिया था। यह लोग उसे क्षेत्र के ऊमरी गांव स्थित एक बंद पड़े ईंट भट्टे में ले गए थे, जहां उसकी चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी।
पुलिस ने एक आरोपी ओमजी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन उसके चाचा अखिल पचौरी व सौरभ भदौरिया फरार हो गए थे। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर रामपुरा थाना पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी अखिल पचौरी पुत्र श्रीकांत पचौरी निवासी ग्राम टीहर रामपुरा को गांव की नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया। पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए एएसपी ने बताया कि इन लोगों ने फिरौती मांगने के लिए अंकित का अपहरण किया था।
ईंट भट्टे में अखिल व अंकित के बीच झड़प हो गई, जिस पर अखिल व ओमजी ने मिलकर चाकू से उसका गला रेत कर मार डाला। पूछताछ में अखिल ने यह भी बताया कि वह लोग मौज मस्ती करने के लिए अंकित के परिजनों से फिरौती में 30 लाख रुपये मांगने वाले थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया है। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में रामपुरा इंस्पेक्टर लखन सिंह, एसआई विश्वनाथ सिंह, सिपाही राहुल कुमार व गजेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।