शादी समारोह से लौटते समय ट्रक ने एक बाइक में टक्कर
मार दी। इससे चालक सहित दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और ट्रक की पहिया उन पर
से गुजर गया। इससे दोनाें की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर कालपी
कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवाें को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर भाग निकला। दोनाें बाइक सवार हेलमेट
भी नहीं लगाए थे।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के गांव जोल्हूपुर मोड़
निवासी शिवा(22) पुत्र रामबाबूू अपने गांव के ही साथी संतोष कुमार(25)
पुत्र मुक्ता के साथ बाइक से कदौरा कस्बे में आयोजित शादी समारोह में शामिल
होने के लिए गुरुवार को गया था।
देर रात करीब 11 बजे दोनाें शादी समारोह
से लौट रहे थे। जब वे कालपी कोतवाली के गांव बरखेरा के पास पहुंचे तभी
जोल्हूपुर की ओर से जा रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक ने बाइक में टक्कर मार दी।
इससे दोनाें बाइक सवार सड़क पर गिर गए और ट्रक उनको राैंदते हुए निकल गया।
इससे दोनाें की मौके पर ही मौत हो गई। वहां से गुजर रहे राहगीराें ने इसकी
सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने उनकी पहचान करवाने के बाद
परिजनाें को सूचना दी। बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और वहां कोहराम मच गया।
पुलिस ने शवोें को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल
दयाशंकर ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर ट्रक चालक
की तलाश की जा रही है।
बताते चलें कि हादसे के समय दोनाें ही बाइक सवार
हेलमेट भी नहीं लगाए थे। यानि वे सिर के बल गिरते तो भी उनकी जान जाना तय
था। यातायात विभाग के तमाम अभियान और अखबारों के जागरूक करने के बाद भी लोग
बिना हेलमेट के बाइक चलाकर खुद ही जान का जोखिम ले रहे हैं।