गांधी चबूतरा पर कैंडल मार्च निकालते छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
उरई। दो दिन पहले सड़क हादसे में एक छात्र की मौत और दूसरे के घायल होने की घटना से गुस्साए छात्रोें ने सोमवार को जमकर बवाल किया। कोतवाली के घेराव के दौरान तीन सिपाहियों की पिटाई कर दी। गुस्साए सिपाहियों ने लाठियां फटकार कर छात्रों को खदेड़ दिया। करीब तीन घंटे चले बवाल के बीच छात्रों ने सड़क किनारे लगे होर्डिंग व स्ट्रीट लाइटें तोड़ दी। इस बीच चार छात्र भी चुटहिल हुए हैं। पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में लिया है।
बता दें कि शनिवार शाम छात्र अनुज पाल का जन्म दिन था। वह अपने दोस्त ऋतु के साथ बाइक से हाईवे स्थित होटल में जन्म दिन मनाने गया था। वहां से लौटते समय फैक्ट्री एरिया में वाहन की चपेट में आने से अनुज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऋतु गंभीर रूप से घायल हो गई। ऋतु का कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज चल रहा है। दुर्घटना से गुस्साए तमाम छात्र सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी नरेद्र शंकर पांडे को ज्ञापन सौपा। आरोप लगाया कि होटल से लौटते समय कोतवाली पुलिस की कोबरा नंबर छह के सिपाही ने अनुज की बाइक का पीछा किया। इससे वह भयभीत हो गया और भागते समय चार पहिया वाहन की चपेट में आ गया। हादसा होने के बाद कोबरा सिपाही घायल के पास नहीं गए। हादसे की सूचना भी नहीं दी और मौके से भाग निकले। छात्रों ने डीएम से कोबरा सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
इसके बाद छात्र शाम को कोतवाली पहुंचे और घेराव कर हंगामा करने लगे। इस बीच सिपाहियों और छात्रों में बहस हो गई। इसी दौरान एक छात्र ने स्वाट टीम के सिपाही को थप्पड़ मार दिया। इससे बौखलाई पुलिस ने लाठियां फटकार कर छात्रों को खदेड़ना शुरू कर दिया। अफरा -तफरी के बीच पहुंचे सीओ सिटी ने छात्रों और मृतक छात्र के परिजनों से बातचीत की। बातचीत चल ही रही थी कि पीछे से छात्रों ने दोबारा हंगामा शुरू कर दिया। छात्रों ने तहसील गेट के सामने से निकल रहे वाहनों को रोक दिया और बाइकों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोप है कि इस बीच पहुंचे सिपाहियों ने छात्रों को पीट दिया। इससे वे उग्र हो गए और डिवाइडर पर लगी नगर पालिका की स्ट्रीट लाइटेें और होर्डिंग्स फाड़ना शुरू कर दी। यह देख पुलिस ने छात्रों को दौड़ा लिया। छात्रों ने राजमार्ग से अंबेडकर चौराहे से लेकर जिला परिषद तक पालिका की लाइटों को तहस नहस कर दिया तथा रास्ते में मिलीं बाइकों में तोड़फोड़ की। आगे-आगे छात्र दौड़ते रहे तो पीछे से पुलिस। इस बीच पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में ले लिया। सीओ संतोष कुमार का कहना है कि उपद्रवी छात्रों के घरवालों को भी बुलाया गया है। कार्रवाई के बाबत उनका कहना है कि मामला अधिकारियों की जानकारी में है, जैसे निर्देश मिलेंगे, वैसी कार्रवाई की जाएगी।