कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की सुबह शहर के मुहल्ला शिवपुरी में छापा मारकर
एक महिला को स्मैक की बिक्री करते वक्त रंगे हाथों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 62 ग्राम स्मैक बरामद करने का दावा किया है।
बाजार में उसकी कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
शहर कोतवाल
आलोक सक्सेना ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली की शहर कोतवाली
क्षेत्र के मुहल्ला शिवपुरी निवासी मुन्नी दुबे पत्नी स्वर्गीय रमेश दुबे
स्मैक का धंधा करती है। सूचना पाकर वह साथी दरोगा मनोज गुप्ता, अरुण तिवारी
व हमराहियों के साथ सादा वर्दी में मौके पर पहुंचे तो महिला घर के बाहर
बैठकर ग्राहकों को स्मैक बेच रही थी। पुलिस ने उसे
स्मैक के साथ रंगें
हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने महिला के कब्जे से 62 ग्राम स्मैक बरामद
कर ली। महिला ने पूछताछ में बताया कि वह बाराबंकी से स्मैक मंगाती है। वहां
से एजेंट माल देने आते हैं। कोतवाल ने आरोपी महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कर जेल भेज दिया। कोतवाल आलोक सक्सेना ने बताया कि महिला के खिलाफ गैंगस्टर
एक्ट की भी कार्रवाई की जाएगी।
स्मैक से युवा पीढ़ी हो रही तबाह
स्मैक यानि वो नशा जिसकी लत लगने पर इंसान जीते जी लाश बनकर रह जाता है।
जिले में इस नशे का कारोबार फैला हुआ है। पुलिस को जानकारी होने के बाद भी
कार्रवाई न होने से इन माफियाओं का संजाल दिनों दिन युवाओं पर कसता जा रहा
है। कई युवा तो अपना घर बार छोड़कर नशे को पूरा करने के लिए कचरा बीनते भी
देखे जाते हैं। जिला अस्पताल के आसपास व बजरिया में यह खुले आसमान के नीचे
रहते हैं।