कालपी एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला की अगुवाई में स्टेटिक टीम ने गुरुवार रात कदौरा स्टेट हाईवे पर एक लग्जरी गाड़ी से चार लाख रुपये बरामद किए। कार मालिक रेहान पुत्र अयूब निवासी मुमताजाबाद रुपयों के बाबत टीम को कोई प्रपत्र नहीं दिखा सके। एसडीएम ने बताया कि कार खदान के रास्तों से आ रही थी। कोई कागजात न दिखा पाने पर रुपये जब्त कर लिए गए हैं।
माधौगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार, गुरुवार रात सचल दल प्रभारी लेखाकार अधिकारी कमलेश कुमार, सब इंस्पेक्टर सलमान अली फोर्स के साथ कमसेरा चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी मध्य प्रदेश के थाना लहार के गांव अटेर निवासी अरविंद सिंह पुत्र सरदार सिंह उरई जा रहे थे, उनकी गाड़ी को चेक किया तो एक लाख 59 हजार 500 रुपये मिले। सचल दल ने वाहन मालिक से रुपये की जानकारी मांगी, सही जानकारी न देने पर टीम ने रकम जब्त कर ली।