सदर कोतवाली के हाईवे रोड स्थित ग्राम करमपुर के पास शुक्रवार रात को कार सवार बदमाशों ने चालक-क्लीनर को मारपीट कर बंधक बनाने के बाद फार्चून रिफाइंड तेल से भरे ट्रक को लूट लिया। बदमाशों ने चालक-क्लीनर को टोल प्लाजा के पास फेंक दिया और ट्रक को ले भागे। वहीं पुलिस की घेराबंदी को देख उरई रोड ग्राम मोहरी स्थित टोल प्लाजा के निकट
पुलिस बैरियर तोड़कर भाग रहा बेकाबू ट्रक पलट गया, लेकिन लुटेरे भाग निकले। हालांकि सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने एक आरोपी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। इसी दौरान हाईवे किनारे फेंके गए चालक ने होश आने पर ट्रक लूटे जाने की सूचना अपने मालिक को दी। बाद में इस संबंध में कोतवाली में अभियोग दर्ज
कराया। पुलिस मामले की गहनता से तहकीकात कर रही है। भरतपुर (राजस्थान) के ग्राम हलेना निवासी घनश्याम पुत्र राम सिंह शुक्रवार को ट्रक में बिहार फार्चून का रिफाइंड तेल लेकर कानपुर की ओर आ रहा था। जैसे ही ट्रक सदर कोतवाली औरैया के हाइवे रोड ग्राम करमपुर के पास पहुंचा, तभी कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए ट्रक रोक लिया। बदमाशों ने
ट्रक चालक घनश्याम तथा परिचालक की पिटाई कर उनके हाथ-पैर बांधकर कार में डाल लिया और ट्रक की स्टेयरिंग बदमाशों के साथी ने संभाल ली। वहीं कार सवार कुछ बदमाश चालक घनश्याम तथा क्लीनर को जालौन के ग्राम मोहरी स्थित टोल प्लाजा के पास खेतों में डालकर ट्रक समेत भाग निकले। होश आने पर चालक ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी
दी। ग्रामीणों ने चालक-क्लीनर के हाथ-पैर खोले। बाद में वारदात के बारे में चालक ने अपने मालिक को जानकारी दी। साथ ही सदर कोतवाली पहुंचकर घटना के बारे में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी नन्हें लाल यादव ने बताया कि घटना के संबंध में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच पड़ताल की जा रही है।
इसी दौरान औरैया सदर कोतवाली के वायरलेस पर जिला तथा समीपवर्ती क्षेत्रों में पुलिस की सघन चेकिंग शुरू हो गई। जालौन के ग्राम मोहरी स्थित टोल प्लाजा के निकट पुलिस बैरियर तोड़कर भागने के दौरान ट्रक पलट गया। बदमाश पुलिस की घेराबंदी से बचने के लिए भाग निकले। जानकारों की मानें तो पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, लेकिन इसकी अभी पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं हुई है। वहीं औरैया की सदर कोतवाली पुलिस जालौन आकर ट्रक को अपने साथ ले गई।