रोडवेज बस से उरई आ रहे एक युवक को जहरखुरान गिरोह ने इटावा के पास नशीली चाय पिला दी। युवक के बेहोश होते ही जहरखुरान उसकी जेब से दस हजार रुपये नकद व कपड़े आदि लूट कर चंपत हो गए। जब चालक-परिचालक ने उसे अचेतावस्था में देखा तो उसे जिला अस्ताल में भर्ती कराया है।
हमीरपुर के थाना कुरारा निवासी महेंद्र कुमार(30) पुत्र रामजीवन दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। बुधवार रात को वह रोडवेज बस से अपने घर जा रहा था। गुरुवार सुबह बस जब इटावा बस स्टैंड पहुंची तो उसने एक यात्री से चाय मांग कर पी। चाय पीते ही वह अचेत हो गया। बस के उरई पहुंचने पर चालक परिचालक ने यात्री को बेहोशी की हालत में देखा तो उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां उपचार के बाद युवक को होश आ गया। उसने बताया कि जहरखुरान गिरोह उसके कब्जे से 10 हजार रुपये व सामान ले गए। मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दे दी है।