माफियाओं के हमले से घायल वन दारोगा।
- फोटो : अमर उजाला
वन क्षेत्र की जमीन पर मौरंग का अवैध खनन कर रहे माफियाआें को रोकने गई वन विभाग की टीम पर माफियाआें ने लाठी व कुल्हाड़ियाें से हमला बोल दिया। इससे तीनाें लोग घायल हो गए। टीम किसी तरह जान बचाकर देर रात थाना डकोर पहुंची और दो नामजद व चार अज्ञात हमलावराें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन ने
रिपोर्ट दर्जकर घायलाें को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। वन विभाग के दरोगा मनीष कुमार को मंगलवार की रात सूचना मिली कि मौरंग माफिया मकरेछा में बेतवा नहर के पास वन क्षेत्र की जमीन पर मौरंग का अवैध खनन कर रहे हैं। इस पर रात करीब दो बजे वे अपने वनरक्षक पुष्पेंद्र सिंह, वाचर मोहर सिंह के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां पर बंधौली
निवासी राजा व जीतू लोधी निवासी मकरेछा अपने चार साथियाें के साथ वन विभाग की जमीन पर अवैध खनन कर रहे थे। जब उन लोगाें ने रोकना चाहा तो राजा व जीतू ने अपने चारों साथियाें के साथ वन विभाग की टीम पर लाठी, कुल्हाड़ी व तमंचे की बटाें से हमलाकर दिया। इससे तीनाें घायल हो गए। घायलाें ने किसी तरह वहां से भागकर
अपनी जान बचाई और देर रात थाना डकोर पहुंचे और आपबीती बताकर तहरीर दी। थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन ने हमलावराें के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर घायलाें को उपचार के लिए
जिला अस्पताल भिजवाया। यहां मेडिकल के बाद तीनों घर चले गए। तीनों लोगों को सिर व कमर पर चोटें आई हैं। पुलिस ने हमलावराें के खिलाफ अवैध खनन मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की बात कही है।