उरई (जालौन)। दहेज में पांच लाख रुपये न देने पर मारपीट कर युवती की हत्या का आरोप लगाया गया है। भाई ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल संजय गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी और वह उसी आधार पर कार्रवाई करेंगे। एट थाना के गांव बिरगुआ निवासी सुनील कुमार ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी बहन रूबी राठौर का विवाह 27 फरवरी 2016 को उरई के मुहल्ला नयापाठकपुरा निवासी अंशू राठौर के साथ किया था। उसने अपनी हैसियत के मुताबिक दान दहेज दिया था लेकिन ससुरालीजन पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर बहन को प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी रूबी ने परिजनाें को दी तो उसने उरई आकर समझाया लेकिन ससुरालीजन नहीं माने और शुक्रवार की रात रूबी को मारापीटा और गला दबाकर हत्या कर दी और शव को आत्महत्या दर्शाने के लिए फांसी पर लटका दिया। मुहल्ले के लोगों ने उसे जानकारी दी तो वह उरई आया और कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल संजय गुप्ता ने बताया कि मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।