पकडे़ गए बाइक चोरी के आरोपी और बरामद बाइकें।
- फोटो : अमर उजाला
उरई। कालपी कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने मंगलवार रात अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। एक बदमाश भाग निकला। पुलिस ने बदमाशों के पास से चोरी की छह बाइक और एक मास्टर की बरामद की है। गिरफ्तार बदमाशों में तीन इटावा और एक कानपुर देहात जिले का रहने वाला है। सभी बदमाशों को जेल भेज दिया गया है।
एसपी अमरेंद्र सिंह ने बुधवार को अपने कार्यालय पत्रकारों को बताया कि कालपी कोतवाल संजय कुमार गुप्ता को मंगलवार रात मुखबिर ने बाइक चोर गिरोह की सूचना दी थी। इस पर कालपी कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम प्रभारी आनंद कुमार सिंह ने फोर्स के साथ मुन्नाफुल पावर चौराहे पर चेकिंग शुरू की। इसी बीच दो लोग बाइक पर कानपुर की ओर से आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने बाइक की स्पीड बढ़ा दी। पुलिस ने दौड़ा कर दोनों को दबोच लिया। एसपी ने बता कि पकड़े गए युवकों ने पूछताछ में बाइक चोरी की बात कबूल की। उनकी निशानदेही पर मोहल्ला तरीबुल्दा स्थित कब्रिस्तान पर दबिश देकर दो और बाइक चोरों को दबोच लिया। एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। कब्रिस्तान से चोरी की छह बाइक और एक मास्टर की बरामद की है। एसपी ने पकड़े गए बदमाशों में भानूप्रताप पुत्र अचंब लाल और महाजीत सिंह पुत्र शिवनारायण सिंह इटावा जिले के चौबिया थाना क्षेत्र के टिशुआ देव गांव के रहने वाले हैं। तीसरा बदमाश सुधीश यादव पुत्र अभय राम इटावा जिले के सैफई नंदपुर और चौथा नितांशु पुत्र मुकेश पटेल कानपुर देहात जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के नेनपुर गांव का रहने वाला है। एसपी ने फरार बदमाश का नाम अनूप यादव पुत्र सुरेंद्र निवासी ग्राम रमपुरा थाना चौबिया जिला इटावा बताया है। गिरोह के सदस्य अन्य जिलों से बाइकें चोरी कर जालौन जिले में बेचते थे। ये गिरोह लंबे समय से बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों को जेल भेज दिया है।