कदौरा। मोहल्ला अंबेडकर नगर में दस जुलाई को संदिग्ध परिस्थिति में आग से झुलसी विवाहिता की शुक्रवार को मौत हो गई। पिता ने पति सहित ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी है। पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
कदौरा के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी ज्योति (32) पत्नी छोटेलाल दस जुलाई को घर में संदिग्ध परिस्थिति में आग से झुलस गई थी। परिजन उसका इलाज कस्बे के एक प्राइवेट डॉक्टर से करा रहे थे। गुरुवार रात हालत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने की पूछताछ में पति छोटेलाल ने बताया कि खाना बनाते समय चूल्हे से चिंगारी उड़कर उसकी साड़ी पर गिर पड़ी। जिससे आग लग गई थी। ज्योति के पिता धुन्नी पुत्र मेवालाल निवासी ग्राम मटरा थाना आटा ने ससुरालियों पर बेटी को जला कर मार डालने का आरोप लगाया है। पिता ने बताया कि ससुरालियों ने उसकी बेटी के पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। रिश्तेदार की सूचना पर उसे हादसे की जानकारी हुई थी। ससुरालीजन ज्योति का इलाज नहीं करा रहे थे। इस पर गांव में पंचायत भी बैठी थी। पंचायत में ज्योति के इलाज की जिम्मेदारी ससुरालवालों को दी गई थी लेकिन उन्होंने इलाज ठीक से नहीं कराया। धुन्नी ने पति समेत ससुरालियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर मुकेश वर्मा का कहना है कि ज्योति की शादी के करीब दस साल हो चुके हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने बताया कि ज्योति की पांच छोटे छोटे बच्चे हैं।
अस्पताल में मां और भाई से की मारपीट
उरई। ज्योति की मौत की खबर पर मां ममता और भाई जीतू अस्पताल पहुंचे। आरोप है वहां ससुरालीजन उनसे भिड़ गए। ससुरालियों ने उन्हें ज्योति का चेहरा दिखाने से इंकार कर दिया। मां और भाई ने अंदर जाने की कोशिश की तो ससुरालियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। पुलिस के पहुंचने की सूचना पर ससुरालीजन भाग निकले।