उरई (जालौन)। नलकूप पर सो रहे किसान को आधा दर्जन सशस्त्र बदमाशों ने दबोच लिया। इसके बाद उसे मारपीट कर सिरसा कलार थाना के बीहड़ों में ले गए। देर रात मौका पाकर वह बदमाशाें को चकमा देकर भागकर घर पहुंचा। उसने घरवालों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिजन उसे लेकर चौकी पहुंचे लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणाें ने जंगल में कांबिंग की मांग की है।
सिरसाकलार थाना के गांव भगौरा निवासी पूर्व प्रधान रामप्रक ाश पाल का भतीजा शिशुपाल (35) मंगलवार की रात करीब 10 बजे अपने गांव के बाहर स्थित नलकूप पर सो रहा था। रात करीब 12 बजे आधा दर्जन सशस्त्र बदमाश वहां पहुंचे और उसे दबोच लिया। इसके बाद उसे अपने साथ जंगल ले गए। रात करीब दो बजे बदमाश जंगल में सो गए तो वह धीमे से अपने हाथ पैर खोलकर भागकर भोर में चार बजे घर पहुंचा और आपबीती बताई। परिजन उसे लेकर न्यामतपुर चौकी पहुंचे और चौकी प्रभारी सुदीश कुमार को तहरीर दी। उन्हाेंने मामला थाना पुलिस के पास भेज दिया। पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस का कहना है कि वह मामले की जांचकर कार्रवाई करेंगे। स्थानीय लोगाें ने एसपी स्वप्निल ममगोई से बीहड़ में कांबिंग की मांग की है।