उरई (जालौन)। कदौरा थाना क्षेत्र के एक कस्बे में एक युवक ने आठ वर्षीय मासूम से खेत में रेप का प्रयास किया। चीख सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो वह भाग निकला। मासूम ने बताया कि टाफी देने के बहाने उसे बुलाया था। बाद में परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ रेप का प्रयास व पास्को एक्ट की धाराआें में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मासूम को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजने की बात कही है।
कदौरा थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी एक आठ साल की मासूम बुधवार की शाम करीब सात बजे अपने घर के दरवाजे पर खेल रही थी तभी वहां मुहल्ले का युवक जितेंद्र कुमार ने मासूम को टाफी देने के बहाने बुलाया। वह उसे पास में ही एक खेत में ले गया। जहां वह रेप का प्रयास करने लगा।
इस दौरान चीख सुनकर आसपास खेताें की रखवाली कर रहे किसान मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गया। लोगों ने परिजनाें को जानकारी दी। परिजनों ने कदौरा थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष रुद्र कुमार सिंह ने आरोपी के खिलाफ रेप का प्रयास व पास्को एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर बच्ची को डाक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया। आरोपी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।