घर के बाहर रोते बिलखते परिवार के लोग।
- फोटो : amar ujala
बारा गांव निवासी मंगल (26) पुत्र जाहर ने गुरुवार की देर रात अपने कमरे में पत्नी की साड़ी से छत के कुंडे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार की सुबह जब मंगल काफी देर तक अपने कमरे से नहीं निकला तो उसके पड़ोसी ने जाकर देखा तो मंगल का शव लटके देख चीख पड़ा। इसके बाद पड़ोसी इकट्ठा हो गए। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने शव उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगल के माता पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
मंगल घर में पत्नी सीता, बेटा आदित्य (5) व बेटी पायल (6) के साथ रहता था। परिवार के लोगों की मानें तो पत्नी सीता कुछ दिन पहले बच्चों को लेकर अपने मायके कदौरा स्थित चतेला गांव चली गई थी। दो दिन पूर्व ही मंगल पत्नी को लेने के लिए ससुराल भी गया था, लेकिन वह नहीं लौटी। इस कारण ही वह परेशान रहने लगा था। पति की मौत की खबर मिलते ही सीता भी बच्चों के साथ रोते बिलखते बारा गांव पहुंच गई। थाना प्रभारी आनंद कुमार का कहना है कि परिजनों के मुताबिक पत्नी के मायके न लौटने के कारण युवक दुखी था। फिलहाल कोई आरोप प्रत्यारोप की बात सामने नहीं आई है।