डकोर थाना क्षेत्र के गांव मुहम्मदाबाद में शनिवार रात चोरों ने गांव में रोड से सटे एक ही मुहल्ले के चार घरों को निशाना बना लिया। एक के बाद एक घर में चोरों ने चोरी की और आराम से निकल गए। बेखौफ चोरों ने एक बार फिर गांव में ताबड़तोड़ चोरियां कर थाना पुलिस को खुली चुनौती दी है। बता दें कि ढाई माह पूर्व इसी गांव के दूसरे मुहल्ले में चोरों ने
तीन बड़ी चोरियां की थीं, जिसका अब तक स्थानीय पुलिस को सुराग नहीं मिला है। गांव में आएदिन चोरियों की वारदात को लेकर ग्रामीणों में भय भी है। शनिवार की रात हुई चोरियों का पता पीड़ितों को सुबह चला जब वे सोकर जागे और घर का सामान अस्तव्यस्त देखा। इस पर रविवार को स्थानीय डकोर थाना पुलिस को पीड़ितों ने सूचना दी, तो मौके
पर डकोर थानाध्यक्ष विमलकांत मिश्रा, एसएसआई केशव सिंह, एसआई मुकेश कुमार एवं यूपी 100 पीआरबी प्रभारी उमाशंकर रावत मय पुलिस बल के गांव पहुंचे और जांच की। इसके बाद पीड़ितों से घटना की जानकारी लेकर उनसे तहरीर देने की बात कही है।
कपडे़ तक नहीं छोडे़
शनिवार की रात में चोरियों के क्रम में मुहम्मदाबाद निवासी प्रेमनरायन वर्मा पुत्र दानसहाय वर्मा के यहां चोरों ने धावा बोल कर इनके यहां से 5500 रुपये नगद तथा घर में रखे पहनने के कपड़े आदि चोरी कर लिए। स्थिति ये हुई को लोगों के पहनने के कपड़े तक चोर ले गए। पुलिस ने सूचना पर मौके पर जाकर पड़ताल की।
जेवर व नगदी पर किया हाथ साफ
मुहम्मदाबाद निवासी रहमतउल्ला पुत्र बली मुहम्मद के घर में चोरों ने छत के रास्ते से प्रवेश कर अलमारी से डेढ़ तोला सोने के जेवर व 55 हजार रुपये की नगदी पार कर दिए। किचन से तेल, घी, शक्कर आटा के अलावा पहनने के कपड़े तक चोरी कर ले गए। रहमतउल्ला का कहना है कि वह अपनी बेटी की शादी के लिए जेवर व नगदी जोड़ रहे थे।
चोरों ने शनिवार रात ही मुहम्मदाबाद निवासी मुन्ना अतरौलिया के घर को भी निशाना बना लिया और ताला तोड़ कर कमरे में रखी गेहूं की पांच बोरियां चुरा कर रफूचक्कर हो गए। घटना की जानकारी तब हुई जब पीड़ित परिवार के लोग सुबह सोकर जागे, तो चोरी का पता चला।
चोरों ने चौथी वारदात गांव के ही दयाराम वर्मा के घर में घुस कर की। यहां से चोर 250 ग्राम चांदी के बिछुआ व चांदी की पायलें एवं पांच हजार रुपये नगद चुरा ले गए। घटना के समय घर के सभी लोग सो रहे थे। सुबह लोग जागे तो घर में सामान बिखरा पड़ा था। इस पर पुलिस को सूचना दी।
मुहम्मदाबाद में ही जगदीश अतरौलिया के घर में चोरों ने चोरी करनी चाही तो यहां घर में किसी के जागने की आहट मिलने पर चोरों ने दौड़ लगा दी। चोरों की भगदड़ की आवाज सुनने की गृहस्वामी ने पुलिस को जानकारी दी है। हालांकि यहां से चोर कुछ ले नहीं जा सके।