ग्राम परैथा में मौके पर मौजूद पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
औरैया से प्रेमिका के साथ भागकर मामा के घर आए युवक का शव सोमवार सुबह काेंच कोतवाली के परैथा गांव में पीएचसी कैंपस स्थित बबूल के पेड़ से लटका मिला। लड़की व पीएचसी कैंपस में ही रहने वाले युवक के मामा-मामी लापता हैं। पुलिस का कहना है कि युवक के मामा-मामी की तलाश की जा रही है। लड़की के परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी। लड़की की भी हत्या की आशंका जताई जा रही है।
परैथा में सूरज वाल्मीकि का परिवार पीएचसी में रहता है। दो दिन पहले औरैया जिले के थाना सहायल के गांव मुगरिया निवासी उसका भांजा मंगल सिंह (24) पुत्र रामविलास अपने ही गांव की एक लड़की को भगा लाया था। इस मामले में लड़की के परिजनाें ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को पता चला है कि युवती के परिजन रविवार की रात परैथा आए और पिटाई कर युवती व मंगल को ले गए थे।
सोमवार सुबह मंगल की लाश पीएचसी कैंपस में पेड़ पर लटकती मिली। गले में उसी के गमछे का फंदा पड़ा था। सीओ नवीन कुमार नायक, कोतवाल देवेंद्र कुमार द्विवेदी ने निरीक्षण के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मंगल के शरीर पर चोटाें के निशान मिले हैं।
रात से ही मंगल के मामा सूरज का परिवार लापता है। आशंका जताई जा रही है कि कहीं लड़की के परिजनों ने उन्हें भी तो अगवा नहीं कर लिया। पुलिस ने सूरज के घर छानबीन की तो वहां खून के धब्बे मिले। घर के पास से दो बाइकें मिलीं। एक बाइक पर औरैया का नंबर है।
दूसरी बाइक बिना नंबर की है। पुलिस दोनाें के मालिकों की डिटेल निकाल रही है। पुलिस को सूरज के घर से युवती की फोटो, उसके कपड़े और सोने के टाप्स भी मिले हैं। ग्रामीणाें के अनुसार जिस वक्त परिजन लड़की को लेकर गांव से जा रहे थे, उस समय कह रहे थे कि इसको भी ठिकाने लगाना है। इससे युवती की भी हत्या की आशंका जताई जा रही है।