माधौगढ़। कुअंरपुरा गांव में महिला किसान के तीन बीघा खेत में देर रात आग लग गई। जिससे खेत पर खड़ी गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। सुबह जब परिवार के लोग खेत पहुंचे तो जली फसल देख उनके होश उड़ गए। महिला ने रंजिशन आग लगाए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस बोली, तहरीर लेकर मामले की जांच पड़ताल की जाएगी।
गांव निवासी मुनिया देवी पत्नी स्व. विश्वनाथ ने बताया कि तीन बीघा खेत में गन्ने की फसल बोई गई थी। फसल पूरी तरह से तैयार थी और एक -दो दिन में गन्ने की पिराई भी होनी थी। रविवार की देर रात किसी ने उसके खेत में आग लगा दी। जिससे पूरी फसल जल गई। सोमवार की सुबह जब वे लोग खेत पर पहुंचे तो वहां सिर्फ राख का ढेर ही बचा था।
आग से करीब तीन लाख के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। इसकी सूचना तहसीलदार को भी कर दी गई है। महिला का आरोप है कि किसी ने रंजिश में उसके खेत में आग लगाई है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर शिकायत आई तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।