जियालाल के घर में मौजूद पुलिस।
- फोटो : amar ujala
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग निवासी किसान जयलाल (54) पुत्र पुसु शुक्रवार तड़के घर से शौच क्रिया के लिए गांव के बाहर खेत में गया था। तड़के अंधेरा होने से वह खेत में टूटे पड़े हाईटेंशन लाइन के तार को देख नहीं पाया। जिससे उसका पैर जमीन पर टूटे पड़े तार से टकरा गया और जोरदार करंट लगने से उसकी मौके पर ही तड़पकर मौत हो गई। काफी देर तक जब वह वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उनकी खोजबीन की तो उनका शव खेत में तार से चिपका मिला।
जिसके बाद ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना पाकर कोतवाल संजय कुमार गुप्ता, एसआई उमेश यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और आपूर्ति बंद कराकर जियालाल के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। उधर, जयलाल की मौत की खबर जैसे ही घरपर पहुंची तो कोहराम मच गया। ग्रामीणों का आरोप है कि आएदिन जर्जर तार इसी तरह टूट कर गिरते हैं, और कोई न कोई हादसा होता है। कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से इसकी शिकायत भी की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कोतवाल ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इस बारे में विभाग के अधिकारियों से बातकर समस्या का समाधान कराने का प्रयास करेंगे।