कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुरैना आलमगीर निवासी किसान जगराम उर्फ भूरा (65) और उनकी पत्नी विद्या देवी (60) देरशाम सात बजे खेतों पर गेहूं की कटाई करा रहे थे। पुलिस ने बताया कि फसल कटाई के दौरान ही गांव का शिवशंकर, रामस्वरूप, लालजी और दो अन्य पहुंचे और कटाई करने से मना करने लगे। इस पर जगराम और शिवशंकर के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। इस बीच शिवशंकर ने साथियों संग दंपति के ऊपर कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया, जिससे दोनों लहूलुहान होकर खेत पर ही गिर पड़े।
दंपति को लहूलुहान देख आसपास के खेतों पर काम कर रहे लोग दौड़े तो शिवशंकर साथियों संग भाग निकला। ग्रामीणों की सूचना पर दंपति के बेटे निर्भय और रामबाबू खेत पर पहुंचे, पर तब तक जगराम की मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल विद्या को सीएचसी में डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बेटों का आरोप है कि जमीन की रंजिश में ही शिवशंकर और उसके साथियों ने माता-पिता की हत्या की है। इस बाबत सीओ ने बताया कि जगराम और शिवशंकर के बीच 6 बीघा खेत को लेकर विवाद कोर्ट में चल रहा है। दोनों ही उक्त खेत को अपना-अपना बता रहे हैं। सीओ के मुताबिक, आरोपियों के घरों में दबिश दी जा रही है और जल्द पकड़ लिया जाएगा।