आटा थाना क्षेत्र के चमारी नाला के पास रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह उधर से निकल रहे लोगों को रेलवे ट्रैक पर अधेड़ का शव पड़ा दिखा। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने उसके कपड़ों की तलाशी ली तो उसके जेब में आधारकार्ड व सुसाइड नोट मिला। जिसमें उसके घर का मोबाइल नंबर भी लिखा था। आधारकार्ड के अनुसार उसका नाम महिपाल (54) पुत्र इंदल निवासी चंडौत थाना जरिया जिला हमीरपुर पता चला।
पुलिस ने परिजनों को इसकी सूचना दी तो उसका चचेरे भाई दशरथ पुत्र इमरत ने आकर शव की शिनाख्त की। उसने पुलिस को बताया कि मृतक की शादी नहीं हुई थी। माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। महिपाल चार दिन पहले अपने भाई और भाभी के पास सूरत गया था।
परिजनों ने बताया वह मानसिक रुप से भी बीमार रहता था। इसी के चलते उसकी शादी नहीं हुई थी। वहां से लौटते वक्त शनिवार रात उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। संकट मोचन चौकी प्रभारी आरपी सिंह ने बताया मृतक के पास मिले सुसाइड नोट में छोटे भाई व उसकी पत्नी द्वारा परेशान किए जाने व लड़ाई झगड़ा किए जाने से परेशान होने की बात लिखी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।