दरियाबाद (बाराबंकी)। नहर में डूबी बालिका का दूसरे दिन भी पता नहीं चल सका। रविवार को पुलिस ने गोताखोरों से उसकी तलाश भी कराई, लेकिन सुराग नहीं लग सका।
दरियाबाद क्षेत्र के गांव मियागंज निवासी मोहम्मद सिराज की पुत्री सानिया (12) शनिवार को खेत में मेंथा की रोपाई कर रही थी। इसी दौरान सभी बच्चे खेत के बगल से निकली शारदा नहर में पैर धोने लगे। पैर फिसलने से सानिया नहर में डूब गई। परिवारवालों ने पुलिस को सूचना नहीं दी।
रविवार को ग्रामीणों की सूचना पर दरियाबाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और परिजनों से बातचीत की। इसके बाद गोताखोर को बुलाकर सानिया की तलाश कराई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने बताया कि तलाश लगातार जारी है।