हमीरपुर से उरई रिश्तेदारी आ रहे दो युवकों की बाइक
आगे जा रहे डंपर में जा घुसी। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर
ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस
ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
हमीरपुर जनपद के
गांव गुटकबारा निवासी बृजेश कुमार (25) पुत्र रामजीवन अपने साथी नरेंद्र
सिंह निवासी हरसुनडी के साथ बाइक से उरई जा रहा था। उरई-राठ मार्ग स्थित
जैसारीकलां गांव मोड़ के पास आगे चल रहे डंपर के चालक ने ब्रेक लगा दी।
अचानक
डंपर रुकने पर बाइक अनियंत्रित होकर डंपर में जा घुसी। इस हादसे में दोनों
घायल हो गए। बृजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरेंद्र सिंह गंभीर रूप
से घायल हो गया। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल नरेंद्र
सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर है।
पुलिस
ने पंचनामा भरकर बृजेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष
आलोक सक्सेना ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। युवक उरई
में किसी रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। उन्होंने बताया कि डंपर चालक को
गिरफ्तार कर लिया गया है।