एसपी को प्रार्थना पत्र देने पहुंचा वृद्ध
- फोटो : amarujala
उरई। नगर के मोहल्ला गोपालगंज निवासी वृद्ध से फोन पर साइबर ठगों ने एटीएम कार्ड का पासवर्ड पूछ लिया। फोन कटने के कुछ ही देर में वृद्ध और उनकी पत्नी के खाते से 115500 रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर मैसेज आने पर वृद्ध को ठगी की जानकारी हुई। गुरुवार को वृद्ध दंपति ने एसपी को शिकायती पत्र देकर जांच कराकर कार्रवाई की गुहार लगाई।
शहर के मोहल्ला गोपालगंज निवासी गिरीश चंद्र गुप्ता पुत्र स्व. कैलाश चंद्र गुप्ता ने गुरुवार को एसपी अमरेंद्र सिंह को शिकायती पत्र दिया। इसमें गिरीश ने बताया कि बुधवार शाम उनके मोबाइल पर 919570660159 नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी बताया और एटीएम कार्ड का पासवर्ड रिन्यूवल करने की बात कही। फोन करने वाले ने बातों में फंसाकर गिरीश और उनकी पत्नी शकुंतला देवी के एटीएम कार्ड के पाससर्ड पूछ लिए। दोनों के खाते स्टेट बैंक में हैं। फोन कटने के कुछ ही देर बाद गिरीश चंद्र के मोबाइल पर उनके खाते से 42500 रुपये निकालने का मैसेज आया। इस पर उन्हें ठगी की आशंका हुई और तुरंत पत्नी का मोबाइल देखा। उस पर शकुंतला के खाते से 73000 रुपये निकालने का एसएमएस आया था। गिरीश ने बताया कि बुधवार को शाम सवा चार से पांच बजे के बीच फोन आया था। एसपी का कहना है कि साइबर क्राइम से जुड़ी ऐसी वारदात काफी समय से हो रही हैं। फोन नंबर को ट्रेस किया जा रहा है। मामले की जांच कराकर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
जालौन के युवक के खाते से 10 हजार निकाले
जालौन (ब्यूरो)। चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम बाबई निवासी रामवीर के खाते से भी साइबर ठग ने 10 हजार रुपये निकाल लिए। गुरुवार को रामवीर ने थाने में शिकायत की। उसने बताया कि पिता सीआरपीएफ में हैं। इस समय उनकी तैनाती छत्तीसगढ़ में हैं। पिता का खाता भारतीय स्टेट बैंक में हैं। गुरुवार को सुबह पिता ने रामवीर के खाते में 10 हजार रुपये डाले थे। इसके कुछ देर बाद उसके पास एक फ ोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक का अधिकारी बताया और बोला एटीएम कार्ड लॉक होने वाला है। उसके चालू रखने के लिए एटीएम का नंबर व पिन बताएं। इस पर उसने फ ोन करने वाले को एटीएम का नंबर व पिन बता दिया। इसके लगभग 10 मिनट बाद उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि उसके खाते से 10 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं।