नदीगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत रंजीत का डेरा के पास बुधवार की दोपहर महेशपुरा निवासी प्रदीप पुत्र हरवंश सिंह अपनी पत्नी नीलेश को बाइक पर बैठा कर मध्यप्रदेश के जिला भिंड से अपने घर लौट रहा था तभी चार बदमाशों न पहले उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोका, फिर दंपति पर तमंचा तानकर उन्हें जेवर और रुपये देने की बात कही। इस पर पति-पत्नी दोनों ही बदमाशों से भिड़ गए। इस बीच बदमाशों ने छीना झपटी शुरू कर दी। जिससे नीलेश का कान फट गया।
बदमाश नीलेश का मंगलसूत्र, कानों के झुमके, जंजीर तथा नकदी के अलावा मोबाइल भी लूट ले गए। किसी तरह थाने पहुंचकर दंपति ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने जांच की बात कहकर दंपति को टरका दिया। इस घटना के कुछ ही देर बाद नजदीक स्थित खजुरी मोड़ के पास माताप्रसाद पुत्र रामनारायण निवासी घिलौर अपनी बहन कौशल्या व पत्नी जयश्री को लेकर दिखाने जा रहा था तभी दो बदमाशों ने तमंचा लगा कर दोनों महिलाओं को लूट लिया। इस घटना में मंगलसूत्र, एक कान का बाला व कुछ नकदी बदमाश लूट ले गए।
दूसरी घटना की सूचना पर थाना पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर लुटेरों की तलाश भी की लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। वहीं दोनों ही मामलों में इंस्पेक्टर अरुण तिवारी का कहना है कि वारदातें किसी एक ही गैंग की करतूत लग रही है। हुलिए के आधार पर लुटेरों की तलाश की जा रही है। घायल महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है। अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी का कहना है कि दोनों ही घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज है, और लुटेरों के कुछ सुराग भी हाथ लगे हैं, जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।