कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छिरिया सलेमपुर में शनिवार रात नौ बजे गांव के सुरेशचंद्र पैदल अपने घर जा रहे थे। तभी सामने से आ रही वैगनआर कार ने उसे टक्कर मार दी। जिसमें वह घायल हो गए। घायल को देखकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। उत्तेजित ग्रामीणों ने कार चालक सोबरन सिंह कुशवाहा निवासी मोहल्ला पटेलनगर उरई के साथ मारपीट कर कार में तोड़फोड़ कर दी। घायल को जालौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घायल के भांजे गिरेंद्र सिंह ने कोतवाली पहुंचकर वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी।
वहीं वाहन चालक सोबरन ने भी पुलिस को अज्ञात लोगों के खिलाफ गाड़ी में तोड़फोड़ करने और मारपीट करने की तहरीर दी। पुलिस दो पक्षों की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कदौरा प्रतिनिधि के अनुसार, कदौरा थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी लल्लू (35) पुत्र केशरी निषाद रविवार की शाम पांच बजे घर से खेतों की ओर जा रहा था। तभी सड़क पार करते समय ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल को सीएचसी भर्ती कराया।
मुहम्मदाबाद प्रतिनिधि के अनुसार, शनिवार शाम छह बजे मुहम्मदाबाद निवासी उदयवीर (43) पुत्र मोहन व ब्रजेंद्र अहिरवार (45) पुत्र श्यामकरन निवासी मुहम्मदाबाद को ट्रक ने टक्कर मार दी थी।। जिससे उदयवीर की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि ब्रजेंद्र अहिरवार गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया था। जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए डाक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल रेफर कर दिया था। उपचार के दौरान रविवार की सुबह ब्रजेंद्र की भी मौत हो गई। परिजन उसका शव लेकर उरई आए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ब्रजेंद्र की मौत की सूचना परिजनों को मिली तो घर में कोहराम मच गया।