प्रधानी चुनाव के परिणाम आने के बाद अब गांवों में हारे-जीते प्रत्याशियों
के बीच सिर फुटौव्वल का दौर शुरू हो गया है। मारपीट व असलहों का प्रदर्शन
किया जा रहा है। गांवों में मारपीट व हवाई फायरिंग भी हो रही है। इससे
गांवों में अराजकता का माहौल बन रहा है। पुलिस भी मौके पर जाकर कार्रवाई कर
रही है। आगे ऐसी घटनाएं न हो, इसके लिए पुलिस ने पुलिस
मित्र और चौकीदारों
को अलर्ट कर दिया है। एएसपी ने हर थाना व कोतवाली को सचेत किया है कि
झगड़े की सूचना पर फौरन मौके पर जाए और अराजकतत्वों पर कड़ी कार्रवाई करें।
रविवार को प्रधानी चुनाव की मतगणना पूरी हो गई और साथ ही तय हो गए गांवों
के प्रधान। अब हारे व जीते प्रत्याशी व उनके समर्थक आपस में मारपीट पर
आमादा हैं। रविवार की रात कैलिया
थाने के गांव बरहल में दो पक्षों में जमकर
मारपीट व हवाई फायरिंग की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ
कार्रवाई की है। वहीं सिरसाकलार थाना क्षेत्र के गांव सतराहजू में भी
वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में फायरिंग हुई। पुलिस उसमें भी कार्रवाई की
बात कह रही है। इधर उरई कोतवाली क्षेत्र के गांव दौलतपुरा में प्रधानी
चुनाव की रंजिश में हारे प्रत्याशी जियालाल
व विजयी अरविंद भंते की बीच
मारपीट हो गई। इसमें जितेंद्र घायल हो गए। उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर
दी तो पुलिस नव निर्वाचित प्रधान समेत तीन लोगों को पकड़कर कोतवाली लाई और
उनके खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है। इसी तरह जिले के अन्य
गांवों में भी तनाव की स्थिति है।
वर्जन
गांवों में सरकार बनने
के बाद लड़ाई झगड़े होना आम बात है लेकिन पुलिस मुस्तैद है और हर थाना व
कोतवाली प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वह सूचना तत्काल मौके पर
पहुंचे और उपद्रवियों पर कड़ी कार्रवाई करें।- शकील अहमद, अपर पुलिस
अधीक्षक जालौन