रिश्तेदारी में आई एक किशोरी की कार से कुचलकर मौत हो गई। इससे खुशी का माहौल गम में बदल गया। कार चालक को वाहन सहित पुलिस हिरासत में है। इस मामले में अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
पीलीभीत के थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव पजावा निवासी श्यामाचरन अपने पुत्र का मुंडन ससं्कार कराने तमाम रिश्तेदारों के खुटार के गांव बुझिया के पास लंगोटी बाबा स्थान पर आए थे। पीलभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव शहजादपुर निवासी रामलल्ला भी अपनी 11 वर्षीय पुत्री विनीता के साथ मुंडन संस्कार में शामिल होने आए थे। मैलानी खुटार मार्ग पर विनीता रोड क्रास करते समय एक कार की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। किशोरी की मौत से मुंडन संस्कार की खुशियां मातम में बदल गईं। रोते बिलखते लोग हादसा करने वाली कार से ही किशोरी को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने विनीता को मृत घोषित कर दिया। इस पर पुलिस ने कार और चालक को हिरासत में ले लिया। शाम सात बजे तक दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास चल रहा था। पुलिस ने बताया कि अभी तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।