कोंच (जालौन)। कोंच थाना क्षेत्र के लौना गांव से लापता चार साल के मासूम का शव बुधवार देर रात घर के पास ही कुएं में मिला। शव मिलने की सूचना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर सीओ नवीन कुमार नायक भी फोर्स समेत मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को निकाला जा सका। गांव में बच्चे को अगवा कर उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। सीओ का कहना है कि हादसा है या हत्या, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही चलेगा। फिलहाल कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गांव निवासी किसान विपिन पटेल ने बुधवार की शाम 6 बजे कोतवाली में सूचना दी कि उनका इकलौता बेटा रियांश (4) दोपहर एक बजे घर के बाहर खेल रहा था और तभी से लापता है। घरवालों ने आसपास के घरों में भी रियांश की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक मामला गंभीर देख तत्काल ही रियांश की गुमशुदगी भी दर्ज कर ली गई।
देर रात करीब 9.30 बजे ग्रामीणों को विपिन के घर के पास ही स्थित कुएं में किसी बच्चे का शव दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से जब शव को बाहर निकाला तो रियांश का शव देख उसकी मां कंचन वही गश खाकर गिर पड़ी। पूरे गांव में कोहराम सा मच गया। आननफानन में सीओ भी मौके पर पहुंचे और विपिन से कोई पारिवारिक अथवा सामाजिक रंजिश के बारे में पूछताछ की। बेटे के शव को देख बदहवास विपिन पुलिस को कुछ अधिक जानकारी नहीं दे सका। ग्रामीणों में चर्चा है कि किसी रंजिश अथवा तंत्रमंत्र के चलते रियांश का अपहरण कर हत्या की गई है। सीओ की मानें तो फिलहाल बच्चे के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं हैं, लेकिन कुएं की ऊंचाई को देख कर यह भी नहीं कहा जा सकता है कि बच्चा अपने आप उसमेें गिर गया होगा, इसलिए कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता था। मामला हत्या का है या फिर हादसे का, इसका खुलासा गुरुवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही हो सकेगा। देर रात तक गांव के अस्पताल के बाहर ग्रामीणों का जमावड़ा लगा रहा। विधायक मूलचंद्र निरंजन भी पीड़ित परिवार को दिलासा देने देर रात उनके घर पहुंचे। विधायक का कहना है कि यदि किसी ने बच्चे की हत्या की है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।