गैंगरेप के बाद धमकाया तो युवती ने पी डाई
माधौगढ़। गैंगरेप के बाद आरोपी लड़कों ने युवती को मामला वापस लेने के लिए धमकाया तो उसने डाई पी ली। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर आरोपी युवकों को पकड़ भी लिया है। कोतवाल का कहना है कि दुष्कर्म का मामला दर्ज है, युवती को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धारा भी बढ़ाई जाएगी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मे सोमवार दोपहर शौच के लिए गई थी। घात लगाए बैठे गांव के सुखेंद्र पुत्र रवींद्र और मोहित पुत्र देवेंद्र ने युवती को पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पिता कुछ ग्रामीणों को लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को सामूहिक दुष्कर्म की तहरीर दी।
पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया। इसकी भनक लगते ही आरोपियों ने मंगलवार की देर शाम को ही युवती को पकड़कर फिर धमकाया और उससे रिपोर्ट वापस लेने के लिए दबाव बनाया। इससे क्षुब्ध युवती ने बुधवार की सुबह घर पर ही डाई पी ली। परिजन उसे लेकर पास के अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों के तत्काल इलाज मिलने से युवती बच गई और उसे घर भेज दिया गया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने दबिशें देकर आरोपियों को पकड़ भी लिया है। एसपी अरविंद चतुर्वेदी का कहना है कि मामले में किसी तरह की हीलाहवाली नहीं की जाएगी।