जालौन। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर कुदारी निवासी श्यामसुंदर ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पुत्री रानी का विवाह 27 अप्रैल 2015 में मध्यप्रदेश के पोरसा थाना क्षेत्र के ग्राम सींगपुरा निवासी अर्जुन सिंह के साथ किया था।
विवाह के कुछ दिन बाद पति अर्जुन सिंह, ससुर रामविलास, चचेरी सास सुशीला एवं देवर अंशुल ने अतिरिक्त दहेज में बुलेट व 2 लाख रुपये नगद की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर लगभग 6 माह पूर्व उन्होंने पुत्री को घर से निकाल दिया।
उनकी पुत्री मायके में ही रह रही थी। बीती 26 जनवरी को ससुरालियों ने पुत्री रानी को फोन पर धमकी दी। धमकी से परेशान होकर 26 जनवरी को ही पुत्री ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है एवं जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो