उरई (जालौन)। रामपुरा पुलिस ने करीब सप्ताह भर पूर्व सराफ के साथ लूट करने वाले बदमाशों को पकड़ लिया है। उनके पास से सराफ से लूटी गई बाइक व जेवर नगदी भी बरामद की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पकड़े गए तीनों बदमाश शातिर है, और उन पर पहले से ही कई वारदातें विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
एएसपी ने बताया कि28 जनवरी को रामपुरा निवासी उमाशंकर के बेटे छोटू से बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक के अलावा करीब तीस हजार का सोना और पैंतीस हजार रुपये नगद लूट लिए थे। पुलिस को तभी से लुटेरों की सरगर्मी से तलाश थी। सटीक सूचना पर थाना प्रभारी सुनील तिवारी और उनकी टीम ने उरई निवासी मनीष दोहरे, अमजद और दिग्विजय को गिरफ्तार कर उनके पास से छोटू की बाइक के अलावा लूटे गए रुपये और सोना भी बरामद कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि वारदात के बाद उनकी बाइक पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसे वे वहीं छोड़कर भाग निकले थे। सूत्रों की मानें तो छोटू का मोबाइल इस्तेमाल करते ही बदमाश पुलिस की रडार पर आ गए और इसके बाद एक एक कर उन्हें पकड़ भी लिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि गैंग का सरगना मनीष है। 2016 में उसके गिरोह के पास से चोरी की 32 बाइक भी बरामद की गई थी। मनीष की बहन की कुछ ही दिनों में शादी भी होने वाली है। रुपयों के इंतजाम के लिए ही उसने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। तीनों के खिलाफ जिले के कई थानों में लूट और चोरी के मामले दर्ज है। उन्हें रिमांड में लेकर जल्द ही कुछ और घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।