उरई। कालपी में 31 मई को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाह के साथ प्लाट के विवाद को लेकर हुई मारपीट और इलाज के दौरान मौत के मामले में एसपी ने चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं घटना में शामिल दो और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस कार्यालय में एसपी प्रसाद ने बताया कि 31 मई को कालपी के मिर्जामंडी निवासी स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाह रामऋषि मेहरोत्रा पुत्र स्व. रामचंद्र मेहरोत्रा के साथ घर में घुसकर मारपीट की गई थी। परिजनों ने इस मामले में सात नामजद व 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद उपचार के दौरान संघ नेता की मौत होने से पुलिस ने हत्या में मामला दर्ज कर लिया था। इस मामले में एसपी ने टरनन गंज चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश तिवारी को लाइन हाजिर कर दिया।
क्योंकि परिजनों का आरोप था कि चौकी इंचार्ज की दूसरे पक्ष से मिलीभगत थी। जिसके चलते उसने मामले में हीलाहवाली बरती थी। वहीं मामले के दो आरोपियों संजय यादव पुत्र छोटेलाल निवासी रामचबूतरा कालपी व मनोज तिवारी पुत्र रामप्रकाश तिवारी को शनिवार सुबह हाइवे स्थित बाईपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीन आरोपियों देवेंद्र तिवारी, वेदांश तिवारी व हसनैन खां को पुलिस ने पहले ही जेल भेज चुकी है। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में कोतवाल सुधाकर मिश्रा, एसआई अरुणनाथ तिवारी, सर्वेश कुमार, विजय कुमार द्विवेदी, सिपाही विकास कुमार, शैलेंद्र तिवारी आदि रहे।